जशपुर पुलिस -बालाछापर चौक के समीप मंगलवार को एक दर्दनाक सड़क दुर्घटना सामने आई, जहां तेज रफ्तार पल्सर मोटरसाइकिल अनियंत्रित होकर सड़क पर गिर गई। हादसे में मोटरसाइकिल चालक संजीत बड़ा और उनके साथी गंभीर रूप से घायल हो गए। दुर्घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया।

इसी बीच बालाछापर निवासी श्रवण कुमार भगत मानवता की मिसाल बनकर सामने आए। उन्होंने बिना समय गंवाए घायलों की स्थिति को समझा और अपने निजी वाहन से दोनों को तत्काल जिला अस्पताल जशपुर पहुंचाया। समय पर मिली चिकित्सा सहायता के कारण घायलों की हालत अब स्थिर बताई जा रही है और उपचार जारी है।
स्थानीय नागरिकों ने श्रवण भगत के साहस, संवेदनशीलता और त्वरित निर्णय की खुले दिल से सराहना की। वहीं जशपुर पुलिस ने आम जनता से अपील की है कि सड़क दुर्घटना की स्थिति में डरने के बजाय आगे आएं और घायलों की मदद कर गुड सेमेरिटन बनें, क्योंकि कुछ मिनटों की मदद किसी की जिंदगी बचा सकती है।


