पचपेड़ी। क्षेत्र के ग्राम लोढाबोर के आगे एक खतरनाक टर्निंग पर सोमवार रात करीब 10 बजे दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। चिल्लाटी की ओर से तेज रफ्तार में आ रहे एक ट्रेलर ने बाइक सवार युवक को जोरदार टक्कर मार दी, जिससे युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल की पहचान तुमेश्वर चेलकर (25 वर्ष), निवासी बर्तोरी के रूप में हुई है, जो अपने रिश्तेदार के घर जोधरा गया था।
हादसा इतना भीषण था कि तुमेश्वर का एक पैर पूरी तरह टूट गया, वहीं हाथ और सिर में भी गंभीर चोटें आई हैं।

इसी बीच चिल्लाटी की ओर से आ रही सांदीपनी स्कूल की बस के ड्राइवर ने मानवता की मिसाल पेश की। ड्राइवर ने तुरंत बस रोककर घायल युवक की मदद की और बिना देर किए डायल 112 को सूचना दी। तत्पश्चात एंबुलेंस की सहायता से घायल को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उसका इलाज जारी है।

स्थानीय लोगों ने बताया कि उक्त टर्निंग पहले से ही हादसों का केंद्र बना हुआ है, जहां अक्सर तेज रफ्तार वाहनों के कारण दुर्घटनाएं होती रहती हैं। लोगों ने प्रशासन से इस क्षेत्र में सुरक्षा के ठोस इंतजाम करने और गति नियंत्रण के उपाय लागू करने की मांग की है।
यह घटना एक बार फिर तेज रफ्तार और लापरवाही से वाहन चलाने के खतरों को उजागर करती है, वहीं एक जिम्मेदार नागरिक की सतर्कता और मानवता ने एक जिंदगी बचाने में अहम भूमिका निभाई।

