बिलासपुर/मस्तूरी। मस्तूरी विकासखंड क्षेत्र में खरीफ फसल की सिंचाई को लेकर किसानों की चिंता सामने आने लगी है। जिला पंचायत सदस्य दामोदर कांत ने जिला पंचायत अध्यक्ष, बिलासपुर को पत्र सौंपकर खारंग जलाशय से नहरों में तत्काल पानी छोड़ने की मांग की है।
पत्र में उन्होंने बताया कि खरीफ फसल के लिए किसानों को समय पर पर्याप्त सिंचाई जल उपलब्ध होना बेहद आवश्यक है। नहरों के टेल पोरशन तक पानी पहुंचने में पर्याप्त समय लगता है, ऐसे में नहरों में समय रहते पानी छोड़ा जाना जरूरी है।

उन्होंने पत्र में कहा कि लगातार हो रही बारिश के कारण खारंग जलाशय में जलभराव की स्थिति बनी हुई है और बांध का पानी ओवरफ्लो होकर व्यर्थ बह रहा है। ऐसी स्थिति में नहरों के माध्यम से पानी छोड़े जाने से एक ओर जल का सदुपयोग होगा, वहीं दूसरी ओर मस्तूरी विकासखंड के किसानों के खेतों तक समय पर सिंचाई का पानी पहुंच सकेगा।
अंतिम छोर तक पानी पहुंचाने की मांग

जिला पंचायत सदस्य ने संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश जारी करने का अनुरोध किया है, ताकि नहरों के अंतिम छोर (टेल पोरशन) तक पर्याप्त पानी समय पर पहुंच सके और किसानों को खरीफ फसल की सिंचाई के लिए परेशानी का सामना न करना पड़े।
किसानों के हित से जुड़ी इस मांग को लेकर अब निगाहें जिला प्रशासन और सिंचाई विभाग की कार्रवाई पर टिकी हैं। समय पर नहरों में पानी छोड़े जाने से मस्तूरी क्षेत्र के बड़ी संख्या में किसानों को राहत मिलने की उम्मीद है।

