भरारी। ग्राम पंचायत भरारी के दर्रीपारा में 27 अक्टूबर से 5 नवंबर 2026 तक आयोजित श्री अखंड नवधा रामायण का मंगलवार को भव्य शुभारंभ हुआ। प्रथम दिवस दोपहर 3 बजे रामायण पंडाल से गाजे-बाजे और आतिशबाजी के साथ भव्य कलश यात्रा निकाली गई, जो ग्राम की जीवनदायिनी लीलागर नदी के लिए रवाना हुई। यात्रा में माताओं-बहनों सहित बड़ी संख्या में ग्रामवासी शामिल हुए।

कलश यात्रा के पश्चात आचार्य द्वारा विधि-विधान से पूजा-अर्चना एवं धार्मिक अनुष्ठान संपन्न कराए गए, जिसके बाद श्री अखंड नवधा रामायण का शुभारंभ हुआ। आयोजन के दौरान भगवान श्रीराम की महिमा का गुणगान किया जाएगा। पूरे गांव में धार्मिक उत्साह और भक्तिमय वातावरण बना हुआ है।

