केवटाडीह भूतहा। ग्राम पंचायत केवटाडीह भूतहा के बिनौरी पारा में मुख्य मार्ग किनारे स्थित सरकारी सामुदायिक भवन पर वार्ड पंच गोलू बंजारे द्वारा कथित रूप से कब्जा कर निजी उपयोग किए जाने का मामला सामने आया है। मामले की शिकायत मुख्यमंत्री हेल्पलाइन में किए जाने के बाद पटवारी द्वारा मौके पर पहुंचकर जांच की गई।

पटवारी की जांच के दौरान सामुदायिक भवन में गोलू बंजारे द्वारा ताला लगाया जाना बताया गया। ताला खोले जाने के बाद भवन के अंदर खाद की 8 बोरियां, पानी की पाइप, बेड, बर्तन सहित अन्य निजी सामान रखा हुआ पाया गया। इससे सामुदायिक भवन के निजी उपयोग किए जाने की शिकायत को लेकर सवाल खड़े हो गए हैं।
जानकारी के अनुसार इस सामुदायिक भवन का निर्माण वर्ष 2020 में अनुसूचित जाति विकास निधि के तहत करीब 6.50 लाख रुपये की स्वीकृत राशि से कराया गया था। भवन का उद्देश्य ग्रामीणों के सामुदायिक एवं सार्वजनिक उपयोग के लिए सुविधा उपलब्ध कराना था।

शिकायतकर्ता पक्ष का आरोप है कि वार्ड पंच होने का प्रभाव दिखाते हुए गोलू बंजारे द्वारा लोगों को डराया-धमकाया जाता है और शिकायत करने पर “देख लेने” की बात कही जाती है। हालांकि इन आरोपों की स्वतंत्र पुष्टि होना अभी बाकी है।
अब ग्रामीणों ने प्रशासन से सरकारी भवन को कथित कब्जे से मुक्त कराकर सार्वजनिक उपयोग के लिए उपलब्ध कराने तथा पूरे मामले में नियमानुसार कार्रवाई की मांग की है।


