मस्तूरी | नई जिम्मेदारी पर बोले राजवाल—पूरी निष्ठा से निभाऊंगा दायित्व, सामाजिक न्याय और अधिकारों की लड़ाई को करूंगा मजबूत
मस्तूरी। मस्तूरी क्षेत्र के कांग्रेस नेता अशोक राजवाल को प्रदेश कांग्रेस कमेटी अनुसूचित जाति विभाग में कार्यकारी प्रदेश अध्यक्ष की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी सौंपी गई है। इस नियुक्ति के बाद क्षेत्र के कांग्रेस कार्यकर्ताओं एवं समर्थकों में उत्साह का माहौल है।

नवीन दायित्व मिलने पर अशोक राजवाल ने कांग्रेस पार्टी के शीर्ष नेतृत्व एवं क्षेत्र के कार्यकर्ताओं के प्रति आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि पार्टी ने जो महत्वपूर्ण जिम्मेदारी उन्हें सौंपी है, उसका निर्वहन वे पूरी निष्ठा, समर्पण और जिम्मेदारी के साथ करेंगे। संगठन को और अधिक मजबूत करने तथा कांग्रेस की विचारधारा को जन-जन तक पहुंचाने के लिए निरंतर कार्य करने का संकल्प भी उन्होंने व्यक्त किया।
राजवाल ने कहा कि अनुसूचित जाति वर्ग के हक, अधिकार और सम्मान की आवाज को मजबूती से उठाना उनकी प्राथमिकता होगी। सामाजिक न्याय, समानता और सम्मान के लिए संघर्ष करते हुए जनहित से जुड़े मुद्दों को प्रमुखता से उठाया जाएगा।

उन्होंने इस महत्वपूर्ण जिम्मेदारी के लिए अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे, लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी, संगठन महासचिव के.सी. वेणुगोपाल, अजा विभाग के राष्ट्रीय अध्यक्ष राजेन्द्र पाल गौतम, छत्तीसगढ़ प्रभारी सुखदेव भगत, प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज, नेता प्रतिपक्ष डॉ. चरणदास महंत, पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल, पूर्व उप मुख्यमंत्री टी.एस. सिंह देव, पूर्व गृह मंत्री ताम्रध्वज साहू एवं अनुसूचित जाति विभाग छत्तीसगढ़ के प्रभारी सुनील कुमार सहित पार्टी के समस्त शीर्ष नेतृत्व के प्रति आभार व्यक्त किया।
अशोक राजवाल ने कहा कि वे संगठन की मजबूती, सामाजिक न्याय और जनहित के संघर्ष को पूरी निष्ठा के साथ आगे बढ़ाने के लिए निरंतर प्रयासरत रहेंगे।

