जितेन्द्र लहरे
बलौदाबाजार। सोना-चांदी के आभूषण का हंडा निकालने के नाम पर लोगों को झांसा देकर लाखों रुपये की ठगी करने वाले गिरोह का पुलिस ने पर्दाफाश किया है। इस मामले में पुलिस ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जिनमें विधि से संघर्षरत एक बालक भी शामिल है। आरोपियों को ग्राम जामगांव, थाना नरहरपुर, जिला उत्तर बस्तर कांकेर से हिरासत में लिया गया।

पुलिस के अनुसार आरोपी “महालक्ष्मी दवाखाना” के नाम से आयुर्वेदिक कैंप लगाकर विभिन्न शारीरिक बीमारियों का शर्तिया इलाज करने का दावा करते थे। इसी बहाने वे लोगों को सोना-चांदी का हंडा निकालने का लालच देकर अपने जाल में फंसाते और उनसे मोटी रकम व आभूषण ठग लेते थे। आरोपियों द्वारा कुल 13 लाख 74 हजार रुपये नगद और लगभग एक तोला सोने के आभूषण की धोखाधड़ी की गई।
पुलिस ने आरोपियों के पास से 4 लाख 80 हजार रुपये नकद, सोने के आभूषण तथा घटना में प्रयुक्त कार क्रमांक CG11 E4500 जब्त की है। गिरफ्तार आरोपियों में नानसिंग चितोड़िया (52 वर्ष) और सूरज सिंह चितोड़िया (18 वर्ष) निवासी उत्तम नगर, अरवी जिला वर्धा (महाराष्ट्र) शामिल हैं। पुलिस द्वारा मामले की विस्तृत जांच जारी है और अन्य पीड़ितों की तलाश की जा रही है।


