जितेन्द्र लहरे
रायगढ़ – लैलूंगा थाना क्षेत्र के ग्राम खम्हार में खेत में करंटयुक्त तार लगाकर किसान की मौत के मामले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए चार फरार आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है। इससे पहले इस मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार किया जा चुका था, जबकि अन्य आरोपी लंबे समय से फरार थे।
पुलिस के अनुसार, 12 अक्टूबर 2025 को ग्राम खम्हार निवासी 37 वर्षीय किसान लालकुमार साहू की खेत में करंट की चपेट में आने से मौके पर ही मौत हो गई थी। मृतक धान की फसल की रखवाली के लिए रात करीब 8 बजे खेत गया था, जहां जंगली सुअर पकड़ने के लिए आरोपियों ने अवैध रूप से बिजली कनेक्शन जोड़कर तार बिछा रखा था। इसी घातक जाल में फंसकर लालकुमार साहू की मौत हो गई थी।
घटना के बाद थाना लैलूंगा में मर्ग दर्ज कर जांच शुरू की गई थी। विवेचना के दौरान गवाहों के बयान और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर पहले जोसेफ मिंज और सोनू एक्का को गिरफ्तार किया गया था। जांच में अन्य आरोपियों की संलिप्तता सामने आने पर पुलिस ने फरार आरोपियों की तलाश तेज कर दी।

22 जनवरी 2026 को पुलिस ने सत्यप्रकाश एक्का, जशवंत मिंज, शशीलाल एक्का और करन चौहान को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से सभी को जेल भेज दिया गया।
इस कार्रवाई को पुलिस अधीक्षक दिव्यांग पटेल के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अनिल सोनी एवं एसडीओपी धरमजयगढ़ सिद्धांत तिवारी के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी उप निरीक्षक गिरधारी साव के नेतृत्व में अंजाम दिया गया।
पुलिस ने स्पष्ट किया है कि अपराध में शामिल किसी भी आरोपी को बख्शा नहीं जाएगा और कानून के तहत सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।


