मस्तूरी/ मस्तूरी क्षेत्र के ग्राम चौहा निवासी 31 वर्षीय युवक दीपसिंह कांत ने अपने ससुराल में कथित रूप से फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। घटना के बाद परिवार में मातम पसरा हुआ है। आत्महत्या के कारणों का फिलहाल स्पष्ट खुलासा नहीं हो सका है। पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है।
जानकारी के अनुसार, दीपशिह कांत पिता स्वर्गीय रमेश कुमार कांत, उम्र 31 वर्ष, निवासी ग्राम चौहा, मस्तूरी अपनी पत्नी और दो बच्चों के साथ अपने ससुराल धाराशिवा, बिलाईगढ़ क्षेत्र में रह रहा था। उसके दो छोटे बच्चे हैं, जिनमें एक बेटी करीब एक वर्ष और बेटा करीब पांच वर्ष का बताया जा रहा है।

बताया जा रहा है कि सोमवार रात परिवार ने खाना खाने के बाद अपने-अपने कमरे में सोने चला गया। इसी दौरान देर रात दीपशिह कांत कमरे से बाहर निकला और ससुराल के आंगन में स्थित आम के पेड़ पर फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली।
घटना की जानकारी मिलने के बाद परिजनों में अफरा-तफरी मच गई। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण कर मामले की जांच शुरू कर दी। पुलिस द्वारा पंचनामा कार्रवाई सहित घटना से जुड़े विभिन्न पहलुओं की जांच की जा रही है।

फिलहाल युवक द्वारा यह कदम क्यों उठाया गया, इसका कारण स्पष्ट नहीं हो पाया है। पुलिस जांच और परिजनों के बयान के बाद ही घटना के वास्तविक कारणों का पता चल सकेगा। घटना ने परिवार के साथ-साथ आसपास के लोगों को भी झकझोर कर रख दिया है।

