पचपेड़ी। ग्राम पंचायत सोन स्थित शासकीय पूर्व प्राथमिक विद्यालय में पदस्थ शिक्षक नमित पाटले की कार्यशैली को लेकर ग्रामीणों में भारी नाराजगी है। ग्रामीणों का आरोप है कि शिक्षक समय पर स्कूल नहीं आते, कक्षाओं का नियमित संचालन नहीं करते तथा कई बार बिना सूचना अनुपस्थित रहते हैं, जिससे बच्चों की पढ़ाई प्रभावित हो रही है।

सोमवार को बड़ी संख्या में ग्रामीण विद्यालय पहुंचे और विकासखंड शिक्षा अधिकारी (BEO) से शिकायत कर तत्काल कार्रवाई की मांग की। ग्रामीणों ने बताया कि शिक्षक के विरुद्ध पूर्व में भी अनुपस्थिति और शिक्षण कार्य प्रभावित होने की शिकायतें की जा चुकी हैं, लेकिन अब तक प्रभावी कार्रवाई नहीं हुई है।
शिक्षा समिति के सदस्यों ने कहा कि बच्चों के भविष्य से खिलवाड़ बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने शिक्षक की उपस्थिति, शिक्षण कार्य तथा पूर्व शिकायतों की जांच कर विभागीय कार्रवाई करने की मांग की। ग्रामीणों ने चेतावनी दी कि शीघ्र कार्रवाई नहीं होने पर जनपद एवं जिला स्तर पर शिकायत की जाएगी।
मामले को लेकर गांव में दिनभर चर्चा होती रही। अभिभावकों ने कहा कि वे बच्चों को बेहतर शिक्षा के लिए सरकारी स्कूल भेजते हैं, लेकिन नियमित पढ़ाई नहीं होने से उनका भरोसा कमजोर पड़ रहा है। अब सभी की नजर शिक्षा विभाग की आगामी कार्रवाई पर है।

