भरारी। ग्राम पंचायत भरारी में देश का 80वां स्वतंत्रता दिवस हर्षोल्लास और देशभक्ति के माहौल में धूमधाम से मनाया गया। कार्यक्रम की शुरुआत पंचायत भवन में भारत माता के तैल चित्र पर दीप प्रज्वलित करने तथा महापुरुषों के तैल चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित करने के साथ हुई। इसके बाद सरपंच श्रीमती रेखा टंडन ने ग्रामीणों को स्वतंत्रता दिवस की बधाई एवं शुभकामनाएं देते हुए ध्वजारोहण किया।

इसके बाद ग्राम के विभिन्न शासकीय एवं निजी संस्थानों में भी ध्वजारोहण कार्यक्रम आयोजित किए गए। शासकीय हाई स्कूल, सभी आंगनबाड़ी केंद्रों, शासकीय उपस्वास्थ्य केंद्र, शासकीय आयुर्वेदिक अस्पताल तथा मिडिल स्कूल में फुलेश्वरी पटेल, अध्यक्ष शाला विकास समिति ने ध्वजारोहण किया। प्राथमिक स्कूल में शाला विकास समिति के अध्यक्ष लकेश्वर कैवर्त ने तिरंगा फहराया। वहीं शारदा विद्या मंदिर भरारी में इवगेश पटेल तथा सेवा सहकारी समिति मर्या. भरारी पं.क्र. 558 में अध्यक्ष द्वारिका टंडन ने ध्वजारोहण किया।

स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर विभिन्न स्कूलों में छात्र-छात्राओं ने देशभक्ति से ओतप्रोत भाषण एवं सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए। बच्चों की प्रस्तुतियों ने उपस्थित ग्रामीणों का मन मोह लिया और पूरा परिसर देशभक्ति के नारों से गूंज उठा।
कार्यक्रम में उपसरपंच उमाशंकर पटेल, मिथिलेश्वर पटेल, दया राम, गुहाराम कैवर्त, पंचायत सचिव मोहित बर्मन, पटवारी दीपक मिश्रा, संस्था प्रभारी जगजीवन कुर्रे, पंच सरोज पैकरा, संतोषी कैवर्त, बना बाई, रोजगार सहायक चंद्रकला कैवर्त, सक्रिय महिला अमृता जांगड़े सहित जनप्रतिनिधि, शिक्षकगण, आंगनबाड़ी कार्यकर्ता-सहायिका, मितानिन एवं बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे। सभी ने उत्साहपूर्वक स्वतंत्रता दिवस समारोह में सहभागिता की और राष्ट्र के प्रति अपनी जिम्मेदारियों का संकल्प लिया।


