जितेन्द्र लहरे
राजनांदगांव। राष्ट्रीय सड़क सुरक्षा माह के अवसर पर यातायात पुलिस राजनांदगांव द्वारा जनजागरूकता बढ़ाने के लिए विविध कार्यक्रम आयोजित किए गए। सड़क सुरक्षा माह के 22वें दिन पुलिस अधीक्षक के निर्देशन एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक के मार्गदर्शन में यातायात कार्यालय परिसर में “सड़क सुरक्षा प्रबंधन” विषय पर रंगोली प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। प्रतियोगिता में शहर के विभिन्न विद्यालयों के 190 छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया और सड़क सुरक्षा से जुड़े संदेशों को रंगों के माध्यम से प्रस्तुत किया। निर्णायक मंडल में यामिनी कला केंद्र के रीतेश देवांगन एवं जंगलपुर स्कूल के प्राचार्य पुनाराम यादव उपस्थित रहे।

इसी कड़ी में यातायात पुलिस एवं स्काउट गाइड के संयुक्त तत्वावधान में जनजागरूकता रैली निकाली गई। रैली के दौरान चौक-चौराहों पर हेलमेट पहनने वाले दोपहिया वाहन चालकों को गुलाब भेंट कर सम्मानित किया गया और आम नागरिकों को यातायात नियमों का पालन करने प्रेरित किया गया।

यातायात पुलिस ने अपील की है कि बिना हेलमेट वाहन न चलाएं, तीन सवारी न बैठाएं, मोबाइल पर बात न करें, तेज गति से वाहन न चलाएं और सीट बेल्ट का प्रयोग अवश्य करें। नशे की हालत में वाहन चलाना अपराध है। सड़क सुरक्षा अभियान लगातार जारी रहेगा।


