जितेन्द्र लहरे
थाना डोंगरगांव द्वारा क्षेत्र में बढ़ती सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए ‘‘खाकी आईज’’ अभियान की विधिवत शुरुआत की गई। इस अभियान के अंतर्गत सूने मकानों की निगरानी को लेकर थाना परिसर में एक आवश्यक बैठक आयोजित की गई।
बैठक में नगर पंचायत अध्यक्ष, उपाध्यक्ष, सभी वार्ड पार्षद, गणमान्य नागरिक एवं पत्रकार बंधु उपस्थित रहे। पुलिस द्वारा बताया गया कि यदि कोई परिवार रात्रि में घर को सूना छोड़कर बाहर जाता है, तो वे सुरक्षा उपाय अपनाने के बाद एक साधारण फॉर्म भरकर थाना में सूचना दें, जिससे रात्रि गश्त के दौरान पुलिस उस मकान को विशेष निगरानी में रख सके।

सीसीटीवी युक्त मकानों को प्राथमिकता
पुलिस ने स्पष्ट किया कि जिन मकानों में सीसीटीवी कैमरे लगे होंगे, उन्हें इस योजना का प्राथमिक लाभ दिया जाएगा। साथ ही वार्ड मेंबर्स से अपील की गई कि वे अपने-अपने वार्ड में कम से कम चार स्थानों पर सीसीटीवी कैमरे लगवाने हेतु पहल करें।
किरायेदारों की जानकारी अनिवार्य
मकान मालिकों से किरायेदारों की संपूर्ण जानकारी अविलंब थाना में जमा करने का अनुरोध किया गया। इसके लिए निर्धारित फॉर्मेट भी वितरित किया गया।
इस अवसर पर नगर पंचायत अध्यक्ष, उपाध्यक्ष, भाजपा जिला प्रवक्ता, पार्षदगण, पत्रकारगण एवं नगर के अनेक गणमान्य नागरिकों की गरिमामयी उपस्थिति रही।
‘खाकी आईज’’— पुलिस और जनता की साझेदारी से सुरक्षित डोंगरगांव की ओर एक मजबूत कदम।

