जितेन्द्र लहरे
जशपुर। गौ तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे “ऑपरेशन शंखनाद” के तहत जशपुर पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। थाना लोदाम क्षेत्रांतर्गत ग्राम पोड़ी के पास पुलिस ने घेराबंदी कर झारखंड से आ रहे गौ तस्करों को रंगे हाथों पकड़ लिया। तस्कर दो पिकअप वाहनों में भरकर गौ वंशों की अवैध तस्करी कर रहे थे।
कार्रवाई के दौरान पुलिस ने 06 नग गौ वंशों को सकुशल बरामद किया, जिन्हें सुरक्षित गौशाला भेजा गया। वहीं तस्करी में प्रयुक्त पिकअप वाहन क्रमांक JH-09-AS-3683 एवं JH-01-N-1797 को जप्त किया गया है।

पुलिस ने मौके से 04 आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जिनमें साहेब अंसारी (45), रुस्तम अंसारी (26), मुकेश कुमार साहू (35) एवं कार्तिक लोहारा (29) सभी निवासी गुमला, झारखंड शामिल हैं।
आरोपियों के विरुद्ध छत्तीसगढ़ कृषक पशु परिरक्षण अधिनियम 2004 एवं पशु क्रूरता निवारण अधिनियम 1960 के तहत अपराध पंजीबद्ध कर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।
जशपुर पुलिस ने स्पष्ट किया है कि गौ तस्करी पर जीरो टॉलरेंस की नीति अपनाते हुए ऐसी कार्रवाइयां लगातार जारी रहेंगी।

