मस्तूरी क्षेत्र के पचपेड़ी परिक्षेत्र अंतर्गत ग्राम गोडाडीह में उस वक्त सनसनी फैल गई, जब गांव के नाले में एक व्यक्ति की लाश पानी में तैरती हुई मिली। मृतक की पहचान प्यारे लाल यादव (50 वर्ष) पिता बिहारी लाल यादव, निवासी हंसवा बलौदा, जिला बलौदा बाजार-भाटापारा जिला के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि वह ग्राम गोडाडीह में गंगादीन यादव के घर शादी समारोह में शामिल होने आए थे।

सुबह ग्रामीणों ने नाले में शव तैरता देखा तो तुरंत इसकी सूचना पुलिस को दी गई। घटना की खबर फैलते ही गांव में दहशत का माहौल बन गया। पुलिस मौके पर पहुंचकर पंचनामा कार्रवाई करते हुए शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
फिलहाल पुलिस मर्ग कायम कर मामले की जांच में जुट गई है। मौत के कारणों का खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगा। गांव में तरह-तरह की चर्चाएं जारी हैं।


