रायगढ़ पुलिस। चांदमारी रोड पर कार सवार युवतियों से देर रात फिल्मी अंदाज़ में छेड़खानी का मामला सामने आते ही रायगढ़ पुलिस ने सख्त रुख अपनाया। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह के निर्देशन में महिला थाना पुलिस ने त्वरित दबिश देकर एक आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है, जबकि घटना में प्रयुक्त ग्रैंड विटारा कार क्रमांक CG13 AW 2410 को जप्त कर लिया गया है। मामले के चार अन्य आरोपी अब भी फरार हैं, जिनकी सघन तलाश जारी है।

घटना 9 फरवरी की रात करीब 11 बजे की है, जब दो युवतियां दवाई लेने जा रही थीं। चांदमारी रोड पर कार रोकते ही नीले रंग की ग्रैंड विटारा में सवार पांच युवकों ने अशोभनीय टिप्पणियां और गंदे इशारे किए। युवतियों के वहां से निकलने पर आरोपियों ने पीछा कर रियापारा तिराहा के पास आगे निकलकर रास्ता रोक दिया और दुर्व्यवहार किया।
महिला थाना में अपराध क्रमांक 09/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता की विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज किया गया। जांच में वाहन नरेन्द्र महावर द्वारा चलाया जाना पाया गया, जिसे गिरफ्तार कर लिया गया है।
एसएसपी शशि मोहन सिंह ने दोटूक कहा, “महिला सुरक्षा से खिलवाड़ करने वालों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा।”

