राजनादगांव पुलिस -थाना कोतवाली पुलिस को शेयर मार्केट में निवेश कर रकम दोगुनी करने का झांसा देकर 15 लाख रुपये की ठगी करने वाले आरोपी को गिरफ्तार करने में बड़ी सफलता मिली है। इस संबंध में पीड़ित द्वारा थाना कोतवाली में लिखित शिकायत दर्ज कराई गई थी, जिसमें बताया गया कि आरोपी ने एक वर्ष में निवेश की गई राशि दोगुनी करने का लालच देकर अलग-अलग तिथियों में कुल 15,00,000 रुपये अपने बैंक खाते में ट्रांसफर करवा लिए।

शिकायत के बाद पुलिस ने मामला दर्ज कर विवेचना शुरू की और संबंधित बैंक खातों की जानकारी जुटाई। जांच के दौरान सामने आया कि आरोपी वारदात के बाद बैंगलौर, रायपुर, बिलासपुर एवं जांजगीर जैसे स्थानों पर लगातार ठिकाने बदलकर फरारी काट रहा था। इसी बीच आरोपी के मुलमुला, जिला जांजगीर-चांपा में मौजूद होने की सूचना मिलने पर कोतवाली पुलिस की टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दबिश दी और आरोपी को हिरासत में लिया।

पूछताछ के दौरान आरोपी ने धोखाधड़ी की वारदात स्वीकार कर ली। आरोपी के कब्जे से एचडीएफसी बैंक के करंट अकाउंट का एक चेक भी जप्त किया गया है। पुलिस आगे की कार्रवाई में जुटी हुई है।
गिरफ्तार आरोपी: प्रकाश सिन्हा, उम्र 32 वर्ष, पिता पुनारद सिन्हा, निवासी फेस-2, एफ-50, वुड आयलैंड सोसायटी, महादेव घाट, अमलेश्वर।

