मल्हार
परम पूज्य बाबा गुरु घासीदास जी की जयंती के पावन अवसर पर नगर पंचायत मल्हार में 02 फरवरी 2026, सोमवार को भव्य एवं ऐतिहासिक आयोजन किया जाएगा। इस विशेष कार्यक्रम के अंतर्गत नवीन जैतखाम की स्थापना, पाला चढ़ाने का विधिवत आयोजन तथा भारत रत्न डॉ. भीमराव अम्बेडकर जी की भव्य प्रतिमा का अनावरण किया जाएगा, जिसे लेकर क्षेत्र में उत्साह का माहौल है।
कार्यक्रम की शुरुआत विशाल सतनाम शोभा यात्रा से होगी, जो मल्हार मेन गेट से अंबेडकर चौक तक निकाली जाएगी। शोभा यात्रा में सतनामी समाज के अनुयायी, युवा, महिलाएं एवं सामाजिक कार्यकर्ता बड़ी संख्या में शामिल होकर बाबा गुरु घासीदास जी के संदेश “मनखे-मनखे एक समान” को जन-जन तक पहुंचाएंगे।

समारोह के मुख्य अतिथि गुरु सौरभ साहेब जी होंगे, जबकि कार्यक्रम की अध्यक्षता छत्तीसगढ़ शासन के पूर्व कैबिनेट मंत्री डॉ. कृष्णमूर्ति बांधी जी करेंगे। विशिष्ट अतिथियों में मस्तूरी विधायक दिलीप लहरिया, जिला पंचायत अध्यक्ष बिलासपुर, जनपद पंचायत मस्तूरी तथा नगर पंचायत के अध्यक्ष-उपाध्यक्ष एवं पार्षदगण शामिल होंगे।
सतनामी समाज समर्पण सेवा समिति मल्हार द्वारा कार्यक्रम की व्यापक तैयारियां की गई हैं। समिति अध्यक्ष पीयूष पाटले ने बताया कि यह आयोजन सामाजिक समरसता, समानता और मानवता के मूल्यों को सशक्त करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण प्रयास है। आयोजकों ने क्षेत्रवासियों से अधिक से अधिक संख्या में उपस्थित होकर आयोजन को सफल बनाने की अपील की है।

