जितेन्द्र लहरे
रायपुर। क्रिप्टो करेंसी और शेयर ट्रेडिंग में अधिक मुनाफा व मासिक ब्याज का लालच देकर लोगों से करोड़ों रुपये की ठगी करने वाले आरोपी को रायपुर पुलिस ने गिरफ्तार कर बड़ी सफलता हासिल की है। हैरानी की बात यह है कि गिरफ्तार आरोपी सिर्फ छठवीं पास है, लेकिन उसने बेहद शातिर तरीके से 26 से अधिक लोगों को अपने जाल में फंसा लिया।

पुलिस जांच में सामने आया है कि आरोपी खुद को ट्रेडिंग एक्सपर्ट बताकर निवेशकों को कम समय में ज्यादा रिटर्न देने का झांसा देता था। शुरुआत में कुछ लोगों को मुनाफा दिखाकर विश्वास जीता गया, फिर धीरे-धीरे उनसे बड़ी रकम निवेश के नाम पर ऐंठ ली गई। बाद में न तो मुनाफा मिला और न ही मूल राशि वापस की गई।
शिकायत मिलने के बाद रायपुर पुलिस ने मामले की गंभीरता से जांच की और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर आरोपी को धर दबोचा। प्रारंभिक पूछताछ में करोड़ों रुपये की ठगी की पुष्टि हुई है। पुलिस को आशंका है कि ठगी की रकम इससे भी अधिक हो सकती है।
फिलहाल आरोपी से गहन पूछताछ जारी है और यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि इस ठगी के नेटवर्क में और कौन-कौन शामिल हैं। पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि क्रिप्टो करेंसी या शेयर ट्रेडिंग में निवेश से पहले पूरी जांच-पड़ताल करें और किसी भी लालच भरे ऑफर से सावधान रहें।

