कबीरधाम पुलिस। जिले में नाबालिग बालिका से जुड़े गंभीर अपराध मामले में कबीरधाम पुलिस ने त्वरित एवं सख्त कार्रवाई करते हुए आरोपी को रायपुर से गिरफ्तार कर लिया है। मामला थाना सिंघनपुरी जंगल क्षेत्र का है, जहां अपराध क्रमांक 01/2026 के तहत धारा 137(2), 87, 64(2)(एम), 65(1) बीएनएस एवं 4(2), 6 पाक्सो एक्ट के अंतर्गत प्रकरण दर्ज किया गया है।

धर्मेन्द्र सिंह के निर्देशन में जिले में नाबालिगों के विरुद्ध अपराधों पर सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए गए हैं। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक पुष्पेन्द्र बघेल एवं अमित पटेल के मार्गदर्शन तथा थाना प्रभारी निरीक्षक राजेश चंड के नेतृत्व में विशेष टीम गठित कर तत्काल पतासाजी शुरू की गई।
11 जनवरी 2026 को 15 वर्ष 02 माह की नाबालिग के लापता होने की रिपोर्ट दर्ज होते ही पुलिस ने गुम इंसान कायम कर जांच प्रारंभ की। सतत प्रयासों के बाद पुलिस टीम ने नाबालिग को रायपुर से दस्तयाब किया, जहां वह आरोपी सुरजपाल (20 वर्ष), निवासी रावणभाटा, मंदिर हसौद, जिला रायपुर के कब्जे में मिली।
महिला पुलिस अधिकारी के माध्यम से बयान दर्ज किए गए। पूछताछ में आरोपी द्वारा अपराध स्वीकार किए जाने पर 13 फरवरी 2026 की रात 21:30 बजे उसे विधिवत गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया।
कबीरधाम पुलिस ने स्पष्ट किया है कि नाबालिगों से जुड़े अपराधों में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। आम नागरिकों से अपील है कि किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को दें।

