ऑपरेशन शंखनाद” की गूंज: 32 गौवंश मुक्त, कुख्यात तस्कर रब्बुल खान गिरफ्तार
रायगढ़ पुलिस। जिले में गौवंश तस्करी के खिलाफ रायगढ़ पुलिस का विशेष अभियान “ऑपरेशन शंखनाद” लगातार असर दिखा रहा है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्री शशि मोहन सिंह के निर्देशन में लैलूंगा पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 32 गौवंश को तस्करों के चंगुल से मुक्त कराया है।

10 फरवरी को थाना प्रभारी उप निरीक्षक गिरधारी साव ने ग्राम करवारजोर में घेराबंदी कर कुख्यात तस्कर रब्बुल खान (39 वर्ष) को गिरफ्तार किया। पुलिस को सूचना मिली थी कि आरोपी मवेशियों को क्रूरता पूर्वक मारते-पीटते हुए उड़ीसा की ओर ले जा रहा है। दबिश के दौरान 2,56,000 रुपये मूल्य के 32 गौवंश बरामद किए गए। पूछताछ में आरोपी ने मवेशियों को बूचड़खाने ले जाने की बात स्वीकार की।
मवेशियों का पशु चिकित्सक से परीक्षण कर उन्हें सुरक्षित सलखिया गौशाला भेजा गया। आरोपी के विरुद्ध छत्तीसगढ़ पशु परिरक्षण अधिनियम 2004 की धाराओं के तहत मामला दर्ज कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।
एसएसपी शशि मोहन सिंह ने सख्त संदेश देते हुए कहा कि गौवंश तस्करी और क्रूरता किसी भी हाल में बर्दाश्त नहीं की जाएगी। नागरिकों से भी सतर्क रहकर सूचना देने की अपील की गई है।


