मस्तूरी। गणतंत्र दिवस 26 जनवरी 2026 के अवसर पर मस्तूरी क्षेत्र स्थित राशि स्टील एंड पावर लिमिटेड औद्योगिक इकाई में राष्ट्रीय ध्वज के अपमान का गंभीर मामला सामने आया है। ध्वजारोहण के दौरान तिरंगा झंडा जमीन पर गिर गया, लेकिन मौके पर मौजूद अधिकारियों और कर्मचारियों द्वारा उसे तत्काल सम्मानपूर्वक उठाने की कोई पहल नहीं की गई।

घटना का वीडियो सामने आने के बाद स्थानीय लोगों और कर्मचारियों में भारी आक्रोश देखा गया। लोगों का कहना है कि राष्ट्रीय पर्व के दिन तिरंगे के साथ इस तरह की लापरवाही देश की अस्मिता और गौरव का अपमान है।
इस मामले को लेकर मस्तूरी ब्लॉक कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष भोलाराम साहू और युवा कांग्रेस विधानसभा अध्यक्ष देवेंद्र कृष्णन ने अनुविभागीय अधिकारी मस्तूरी के नाम तहसीलदार जयंती देवांगन को ज्ञापन सौंपा। उन्होंने कहा कि यह कृत्य राष्ट्रीय गौरव अपमान अधिनियम 1971 के तहत दंडनीय अपराध है तथा भारतीय ध्वज संहिता 2002 का स्पष्ट उल्लंघन है।
कांग्रेस नेताओं ने मांग की है कि राशि स्टील एंड पावर लिमिटेड के खिलाफ जांच कर दोषियों पर सख्त कानूनी कार्रवाई की जाए, ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो।
वहीं तहसीलदार जयंती देवांगन ने मामले को गंभीर बताते हुए उच्च अधिकारियों को अवगत कराने और प्रशासनिक जांच कर उचित कार्रवाई करने की बात कही है।


