बिलासपुर। छत्तीसगढ़ प्रदेश तृतीय वर्ग शासकीय कर्मचारी संघ, जिला शाखा बिलासपुर की आवश्यक एवं मासिक बैठक रविवार, 30 अगस्त 2026 को कर्मचारी भवन, कंपनी गार्डन के सामने आयोजित की गई। बैठक में आगामी 30 सितंबर को प्रस्तावित संभागीय धरना-प्रदर्शन एवं रैली को सफल बनाने की तैयारियों पर विस्तार से चर्चा की गई।
इस दौरान मस्तूरी विकासखंड के नवनियुक्त ब्लॉक अध्यक्ष राहुल देव भारद्वाज का संघ के पदाधिकारियों एवं सदस्यों द्वारा सम्मान किया गया। पदाधिकारियों ने उन्हें नवीन दायित्व के लिए बधाई एवं शुभकामनाएं देते हुए संगठन को मजबूत बनाने और कर्मचारी हितों के लिए सक्रियता से कार्य करने की अपेक्षा जताई।

बैठक में शिक्षकों के लिए टीईटी की अनिवार्यता सहित कर्मचारियों एवं शिक्षकों से जुड़े विभिन्न महत्वपूर्ण मुद्दों पर चर्चा की गई। लंबित मांगों एवं समस्याओं के निराकरण के लिए आगामी आंदोलन की रणनीति पर पदाधिकारियों ने अपने विचार रखे।
संघ की नई नियमावली के तहत आजीवन एवं वार्षिक सदस्यता अभियान को गति देने तथा अधिक से अधिक कर्मचारियों को संगठन से जोड़ने पर भी जोर दिया गया। पदाधिकारियों ने कहा कि संगठन की मजबूती के लिए प्रत्येक सदस्य की सक्रिय भागीदारी जरूरी है।
30 सितंबर के आंदोलन को सफल बनाने का आह्वान

बैठक में 30 सितंबर 2026 को प्रस्तावित संभागीय धरना-प्रदर्शन एवं रैली को सफल बनाने के लिए व्यापक तैयारी करने और अधिक से अधिक कर्मचारियों की सहभागिता सुनिश्चित करने का निर्णय लिया गया। पदाधिकारियों ने कहा कि कर्मचारियों की लंबित मांगों के निराकरण के लिए संघ एकजुट होकर संघर्ष करेगा।
बैठक में पवन शर्मा, जी.आर. चंद्रा, किशोर शर्मा, ओम त्रिपाठी, रामधर यादव, महेंद्र तिवारी, दिनेश्वर भंडारी, अवधेश कुमार मिश्रा, राहुल देव भारद्वाज सहित बड़ी संख्या में पदाधिकारी एवं सदस्य उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन जिला अध्यक्ष किशोर शर्मा ने किया। अंत में सभी उपस्थित सदस्यों का आभार व्यक्त किया गया।

