मस्तूरी। ब्लॉक कांग्रेस कमेटी मस्तूरी द्वारा सोमवार, 23 मार्च 2026 को सहारा परिसर स्थित मुख्यालय में महत्वपूर्ण संगठनात्मक बैठक आयोजित की गई। यह बैठक जिला कांग्रेस कमेटी ग्रामीण अध्यक्ष महेंद्र गंगोत्री के मार्गदर्शन में संपन्न हुई, जिसमें संगठन को जमीनी स्तर पर मजबूत करने की रणनीति पर विस्तार से चर्चा की गई।

बैठक का मुख्य उद्देश्य बूथ, पंचायत एवं वार्ड स्तर पर कमेटियों का गठन कर संगठन को सशक्त बनाना रहा। इस दौरान मंडल अध्यक्षों को निर्देशित किया गया कि वे सक्रिय, समर्पित एवं जनसंपर्क में मजबूत कार्यकर्ताओं को प्राथमिकता देते हुए अध्यक्षों की नियुक्ति करें। जिलाध्यक्ष महेंद्र गंगोत्री ने कहा कि ऐसे कार्यकर्ताओं को जिम्मेदारी दी जाए जो जनता के बीच निरंतर सक्रिय रहते हों और संगठन के प्रति निष्ठावान हों।

क्षेत्रीय विधायक दिलीप लहरिया ने प्रदेश कांग्रेस के निर्देशों का उल्लेख करते हुए कहा कि संगठन सृजन अभियान के तहत पूरे प्रदेश में बूथ स्तर तक संगठन का विस्तार किया जा रहा है। उन्होंने मस्तूरी ब्लॉक के लिए गौरव दूबे को सृजन प्रभारी नियुक्त किए जाने की जानकारी दी और समय सीमा में सभी कमेटियों का गठन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
सृजन प्रभारी गौरव दूबे ने भी मंडल अध्यक्षों से निर्धारित समय सीमा में कार्य पूर्ण करने का आग्रह किया। बैठक में ब्लॉक अध्यक्ष भोलाराम साहु सहित विभिन्न प्रकोष्ठों के पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि एवं बड़ी संख्या में कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

