मस्तूरी। मल्हार क्षेत्र में 11 केवी हाईटेंशन बिजली लाइन की अव्यवस्थित क्रॉसिंग और बढ़ते लोड को लेकर ग्रामीणों, किसानों और जनप्रतिनिधियों में भारी नाराजगी देखने को मिल रही है। ग्राम चकरबेडहा सहित कई स्थानों पर एक ही जगह पर 11 केवी की तीन-तीन लाइनों की ओवर क्रॉसिंग कर दी गई है, वहीं कई जगह तार नीचे लटकते और आपस में उलझे नजर आ रहे हैं। इससे कभी भी बड़ा हादसा होने की आशंका बनी हुई है।

ग्रामीणों का आरोप है कि किसी रसूखदार व्यक्ति को लाभ पहुंचाने के लिए बिजली विभाग ने नियमों की अनदेखी करते हुए आबादी क्षेत्र में इस तरह का जोखिम भरा काम कराया है। चकरबेडहा में आकाश बंजारे के घर के पीछे तीन हाईटेंशन तारों की क्रॉसिंग को लेकर लोगों में खासा आक्रोश है।
मल्हार सब स्टेशन से पांच फीडरों के माध्यम से कई गांवों को बिजली आपूर्ति की जाती है, लेकिन हाल ही में नेवारी फीडर के पांच गांवों को ग्रामीण फीडर से जोड़ दिया गया है। इससे अब एक ही फीडर पर 11 गांवों का अतिरिक्त भार आ गया है, जिससे लो वोल्टेज, बार-बार फाल्ट और बिजली कटौती की समस्या बढ़ने की आशंका है।

ग्रामीणों का कहना है कि विद्युत सुरक्षा नियमों के अनुसार आबादी क्षेत्र में इस प्रकार की हाईटेंशन लाइन क्रॉसिंग खतरनाक मानी जाती है। उन्होंने विभाग से तत्काल तकनीकी जांच कर लाइन व्यवस्था सुधारने की मांग की है, अन्यथा आंदोलन की चेतावनी दी है। वहीं अधिकारियों ने मामले की जानकारी लेकर जांच कराने की बात कही है।

