गरियाबंद/देवभोग।
होली पर्व के दौरान कानून व्यवस्था बनाए रखने और अवैध शराब के निर्माण, परिवहन एवं बिक्री पर रोक लगाने के उद्देश्य से देवभोग पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 55 लीटर अवैध महुआ शराब जब्त की है। इस मामले में तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशन में थाना देवभोग पुलिस द्वारा विशेष अभियान चलाकर लगातार पेट्रोलिंग और रेड कार्रवाई की जा रही थी। इसी दौरान 3 मार्च 2026 को टाउन पेट्रोलिंग के समय मुखबिर से सूचना मिली कि अलग-अलग स्थानों पर अवैध शराब की बिक्री की जा रही है। सूचना के आधार पर पुलिस ने तीन टीम बनाकर अलग-अलग स्थानों पर दबिश दी।
पहले मामले में ग्राम सागौनबाड़ी निवासी ललीन्द्र कश्यप (32 वर्ष) को तेल नदी पुल के पास अवैध शराब बेचते हुए पकड़ा गया। उसके कब्जे से 200 पाउच (प्रत्येक 200 एमएल) कुल 40 लीटर ओडिशा प्रांत की घोड़ा छाप महुआ शराब बरामद की गई।
दूसरे मामले में बुटुराम यादव (55 वर्ष) निवासी नवागुड़ के पास से दो प्लास्टिक जरीकेन में 9 लीटर कच्ची महुआ शराब जब्त की गई। वहीं तीसरे मामले में तरुण डोंगरे (35 वर्ष) निवासी कुम्हड़ईकला को बेलाट नाला के पास 6 लीटर अवैध शराब परिवहन करते हुए पकड़ा गया।
तीनों आरोपियों के खिलाफ छत्तीसगढ़ आबकारी एक्ट की धारा 34(2) के तहत मामला दर्ज कर न्यायालय में पेश किया गया। साथ ही होली के दौरान वाहन चेकिंग अभियान चलाकर शराब पीकर वाहन चलाने वालों और नाबालिग चालकों पर भी मोटर व्हीकल एक्ट के तहत कार्रवाई की गई।

