कबीरधाम– जिले में नशे के अवैध कारोबार पर करारा प्रहार करते हुए पुलिस ने बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया है। थाना चिल्फी पुलिस ने एक नागालैंड पासिंग कंटेनर को जब्त कर उसके गुप्त चैंबर से करीब 9 क्विंटल (900 किलो) गांजा बरामद किया। जब्त मादक पदार्थ की अंतरराष्ट्रीय बाजार में अनुमानित कीमत लगभग 5 करोड़ रुपये बताई जा रही है, जबकि कंटेनर की कीमत करीब 50 लाख रुपये आंकी गई है।

पुलिस के अनुसार, गांजा 30-30 किलो की 30 बोरियों में पैक था। तस्करी के लिए कंटेनर में विशेष रूप से गुप्त चैंबर तैयार किया गया था, जिससे लंबे रूट पर आसानी से माल पहुंचाया जा सके।
मौके से आरोपी आयाज खान, निवासी भरतपुर (राजस्थान) को गिरफ्तार किया गया है। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि आरोपी गांजा ओडिशा से राजस्थान ले जा रहा था।
पुलिस आरोपी से पूछताछ कर पूरे नेटवर्क की कड़ियां जोड़ने में जुटी है। इस बड़ी कार्रवाई को जिले में नशे के कारोबार के खिलाफ अब तक की सबसे सख्त कार्रवाई माना जा रहा है।


