कबीरधाम जिले में एटीएम काटकर चोरी करने की एक बड़ी साजिश को पुलिस ने समय रहते विफल कर दिया। थाना लोहारा पुलिस की मुस्तैदी से एक आरोपी को गैस कटर और अन्य उपकरणों के साथ रंगे हाथ गिरफ्तार किया गया है। आरोपी ने यूट्यूब वीडियो देखकर एटीएम काटने की तकनीक सीखी थी और कर्ज से मुक्ति पाने के लिए यह योजना बनाई थी।

पुलिस अधीक्षक धर्मेन्द्र सिंह के निर्देशन एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक पुष्पेन्द्र बघेल व अमित पटेल के मार्गदर्शन में जिलेभर में लगातार रात्रि गश्त और एटीएम चेकिंग की जा रही थी। इसी दौरान 24 मार्च 2026 की रात पुलिस टीम को एक संदिग्ध व्यक्ति एटीएम के पास मिला, जिसे घेराबंदी कर पकड़ लिया गया।
पूछताछ में आरोपी नंदलाल साहू (30 वर्ष), निवासी छोटूपारा, थाना लोहारा ने स्वीकार किया कि वह भारी कर्ज में डूबा था और यूट्यूब के जरिए एटीएम काटने की तकनीक सीखकर चोरी की योजना बना रहा था। उसने पहले भी सहसपुर लोहारा, बिडोरा चौक, शांतिनगर और छुईखदान में एटीएम काटने का प्रयास किया था, लेकिन हर बार असफल रहा।

पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर गैस कटर, सिलेंडर, सब्बल, नकाब, मोटरसाइकिल सहित अन्य सामान जब्त किया है। साथ ही घटनास्थलों पर सीन रीक्रिएशन कर वारदात के तरीके का खुलासा किया गया।
पुलिस की सतर्कता और लगातार निगरानी के चलते एक बड़ी चोरी होने से पहले ही रोक दी गई। आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।
कबीरधाम पुलिस ने आम लोगों से अपील की है कि किसी भी प्रकार के लालच या शॉर्टकट के बजाय ईमानदार तरीके से जीवन यापन करें और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को दें।


